पहला वनडे: इंग्लैंड की करारी शिकस्त, साउथ अफ्रीका का एकतरफा प्रदर्शन
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में जोरदार जीत दर्ज की। मेजबान इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए लीड्स के हेडिंग्ले में सिर्फ 131 रन पर सिमट गई और दक्षिण अफ्रीका ने यह लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान एडेन मार्करम की तूफानी पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया। इससे पहले वियान मुल्डर और केशव महाराज की घातक गेंदबाजी ने इंग्लैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोका था। महाराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज का शानदार आगाज किया है और 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला मुकाबला चार सितंबर को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाएगा।
इंग्लैंड की पारी- 131 पर ढेर
इंग्लैंड की शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और टीम कभी मैच में टिक नहीं पाई। विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने सबसे ज्यादा 54 रन (48 गेंद, 10 चौके) बनाए। उनके अलावा जो रूट ने 14, जोस बटलर ने 15 और जैकब बेथेल ने 13 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और पूरी टीम सिर्फ 24.3 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। कप्तान हैरी ब्रूक 12 रन, विल जैक्स सात रन और बेन डकेट पांच रन ही बना सके। स्मिथ को डकेट के साथ ओपनिंग भेजा गया था।गेंदबाजी की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5.3 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट चटकाए। वियान मुल्डर ने तीन विकेट लिए और सिर्फ 33 रन दिए। लुंगी एनगिडी और नांद्र बर्गर ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। इंग्लैंड के बल्लेबाज महाराज की स्पिन और मुल्डर की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए।
दक्षिण अफ्रीका की पारी- मार्करम का जलवा
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने आक्रामक बल्लेबाजी की। कप्तान एडेन मार्करम ने 55 गेंदों में 86 रन ठोक डाले, जिसमें 13 चौके और दो छक्के शामिल थे। उनके साथ विकेटकीपर रेयन रिकेल्टन ने 59 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए और पारी संभाली। तेम्बा बावुमा सिर्फ छह रन बना सके, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स खाता नहीं खोल सके। डेवाल्ड ब्रेविस ने दो गेंदों में नाबाद छह रन बनाकर रिकल्टन के साथ मैच खत्म कर दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 20.5 ओवर में 137/3 बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने तीन विकेट लिए।
खास आंकड़े और रिकॉर्ड
यह मुकाबला कई यादगार आंकड़ों का गवाह बना। इंग्लैंड के 131 रन का स्कोर घरेलू सरजमीं पर सबसे कम स्कोरों की सूची में शामिल हो गया। इससे कम स्कोर उन्होंने 2001 में मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया (86 रन), 1975 में लीड्स में ऑस्ट्रेलिया (93 रन) और 2001 में श्रीलंका (99 रन) के खिलाफ बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका ने लीड्स में इंग्लैंड को सिर्फ 24.3 ओवर में ऑलआउट कर दिया। यह किसी भी टीम को अवे मैच में ढेर करने का उनका सबसे तेज रिकॉर्ड है। इससे पहले 1996 में नैरोबी में उन्होंने केन्या को 25.1 ओवर में, 2011 में मीरपुर में बांग्लादेश को 28 ओवर में और 2022 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड को 28.1 ओवर में ऑलआउट किया था।
- इंग्लैंड का 131 रन पर सिमटना उनके घरेलू मैदान पर सातवां सबसे कम वनडे स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2001 में मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 86 रन बनाए थे।
- यह मैच गेंदों के लिहाज से इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा सबसे छोटा मुकाबला रहा। महज 272 गेंदों में पूरा मैच समाप्त हो गया, जबकि 2008 में नॉटिंघम में 223 गेंदों में नतीजा निकला था।
- दक्षिण अफ्रीका ने 175 गेंद शेष रहते जीत हासिल की। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनका दूसरा सबसे बड़ा मार्जिन है। 2007 वर्ल्ड कप में उन्होंने बारबाडोस में 184 गेंद शेष रहते इंग्लैंड को हराया था।
- इंग्लैंड के नए गेंदबाज सॉनी बेकर के लिए यह डेब्यू भूलने लायक रहा। उन्होंने सात ओवर में 76 रन लुटा दिए, जो किसी भी इंग्लिश गेंदबाज का वनडे डेब्यू पर सबसे महंगा स्पेल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड लियाम डॉसन के नाम था, जिन्होंने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ 70 रन दिए थे।
- बेकर का इकोनॉमी रेट 10.85 वनडे डेब्यू में कम से कम सात ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों में सबसे खराब है।
Fuel Price Update: आपके शहर में क्या है पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव? 17 फरवरी को जारी हुए नए रेट, यहां चेक करें
बड़ी खुशखबरी! फिर कम हुई सोने-चांदी की कीमतें, बजट बनाने से पहले चेक करें 22K और 24K का भाव
23 फरवरी से लगेगा होलाष्टक, 9 दिन तक बंद रहेंगे शादी-विवाह
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (17 फ़रवरी 2026)