जनसुनवाई में जहर खाने वाले किसान की मौत, जमीन विवाद से जुड़ा मामला
हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद से परेशान होकर एक किसान ने आत्मघाती कदम उठा लिया। हंडिया तहसील के ग्राम अजनास रैय्यत के रहने वाले 55 वर्षीय किसान भगत विश्वकर्मा ने मंगलवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों और लोगों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब किसान की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक किसान के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पारिवारिक जमीन विवाद और प्रताड़ना का आरोप
किसान की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है और उन्होंने इस कदम के पीछे गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के बेटे राकेश विश्वकर्मा का कहना है कि उनके पिता की छह एकड़ कृषि भूमि को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि बड़े पिता जगदीश विश्वकर्मा और उनके बेटे नर्मदाप्रसाद विश्वकर्मा उन पर जमीन छोड़ने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से उसके पिता को जबरन उनकी ही जमीन से बेदखल कर दिया गया था, जिसके कारण वे पिछले काफी समय से अत्यधिक मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और इसी अवसाद के चलते उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
उपचार के दौरान किसान ने तोड़ा दम
इस पूरे घटनाक्रम पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी स्थिति स्पष्ट की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि जैसे ही जिला पंचायत परिसर में एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली, तत्काल एक्शन लिया गया। मौके पर एंबुलेंस भेजकर मरीज को तुरंत जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया और डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया था, लेकिन जहर का असर शरीर में ज्यादा फैल जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। दम तोड़ने से पहले पीड़ित किसान ने मीडिया कर्मियों के सामने खुद सल्फास खाने की बात स्वीकार की थी।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि मृतक किसान और उनके भाई के बीच जमीन को लेकर काफी पुराना विवाद चल रहा था, जिसका मामला पूर्व में एसडीएम न्यायालय में था। वहां से अपील खारिज होने के बाद यह मामला वर्तमान में संभाग आयुक्त न्यायालय में विचाराधीन है और इसके साथ ही सिविल कोर्ट से भी इस मामले में स्थगन आदेश जारी हुआ था। कलेक्टर के अनुसार इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं, जिनकी शिकायतें स्थानीय थाने में दर्ज हैं। फिलहाल प्रशासन इस दुखद घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रहा है।
छात्रों के समर्थन में बॉलीवुड, आर. माधवन और आलिया भट्ट समेत कई सितारों ने रखी अपनी बात
ICC का बड़ा ऐलान, अगले साल इस मैदान पर खेला जाएगा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल
भारत ने श्रीलंका को नहीं दिया कोई मौका, यूथ टेस्ट सीरीज 211 रन की जीत के साथ समाप्त
NSA कार्रवाई पर ओवैसी ने सरकार को घेरा, कहा- क्या विरोध करना अब अपराध है?
सरकार का बड़ा दावा, CJP आंदोलन पर 24 घंटे में चार बार बातचीत की पेशकश
पेपर लीक मामले में कांग्रेस आक्रामक, मोदी सरकार पर जवाबदेही से भागने का आरोप
फास्ट-ट्रैक कोर्ट पर अमित शाह का समर्थन, आंदोलन को लेकर विपक्ष को दी नसीहत
पहले टी20 से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर का बड़ा मंत्र, खिलाड़ियों से कहा- बेखौफ खेलो
भारत से मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे ने बदली टीम, आखिरी वक्त पर लिया बड़ा फैसला
मध्यप्रदेश को मिलेगी नई पहचान, ग्वालियर में आकार लेगा पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन