आरसीबी का 'शतक': चिन्नास्वामी में 100 मैच खेलने वाली आईपीएल की पहली टीम बनी बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रही है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरते ही आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर 100 मैच खेलने वाली आईपीएल इतिहास की पहली टीम बन जाएगी। बेंगलुरु और दिल्ली के बीच मुकाबला दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। यह खास मुकाबला उस दिन खेला जा रहा है जब आईपीएल अपने 19 साल पूरे कर रहा है, जिससे इस रिकॉर्ड का महत्व और बढ़ जाता है।
आईपीएल की शुरुआत भी इसी मैदान से
दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल का पहला मुकाबला भी इसी मैदान पर 18 अप्रैल 2008 को खेला गया था, जहां आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ था। उस मैच में ब्रेंडन मैकुलम ने 158* रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसमें 10 चौके और 13 छक्के शामिल थे। उनकी उस पारी की बदौलत केकेआर ने 222 रन बनाए और आरसीबी को 140 रन से हराया। आरसीबी की टीम, जिसमें राहुल द्रविड़, जैक कैलिस और युवा विराट कोहली शामिल थे, सिर्फ 82 रन पर सिमट गई थी। यह आज भी इस मैदान पर आरसीबी का सबसे कम स्कोर है।
चिन्नास्वामी के यादगार रिकॉर्ड
आरसीबी ने इस मैदान पर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए हैं। 2013 में क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ नाबाद 175 रन की पारी खेली थी, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उस मैच में आरसीबी ने 263 रन बनाए थे, जो लंबे समय तक आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर रहा। अब तक चिन्नास्वामी में आरसीबी का रिकॉर्ड भी संतुलित रहा है। इस मैदान पर टीम ने 48 मैच जीते हैं और 46 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच टाई रहा है।
दूसरे टीमों से आगे आरसीबी
होम ग्राउंड पर सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में आरसीबी अब अन्य टीमों से आगे निकल गई है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने ईडन गार्डन्स में 98 मैच खेले हैं, जबकि मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में 95 मुकाबले खेले हैं। इस तरह आरसीबी का यह रिकॉर्ड आईपीएल इतिहास में एक नई मिसाल बन गया है।
ग्रीन जर्सी में दिखेगी आरसीबी की टीम
इस खास मौके पर आरसीबी अपनी पारंपरिक रेड जर्सी के बजाय ग्रीन जर्सी में मैदान पर उतर सकती है। यह उनकी 'ग्रीन इनिशिएटिव' का हिस्सा है, जिसके जरिए टीम पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। इस सीजन आरसीबी का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। टीम ने पांच मैचों में चार जीत हासिल कर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया हुआ है। ऐसे में टीम इस ऐतिहासिक मैच को जीत के साथ और यादगार बनाना चाहेगी।
सामूहिक विवाह समाज में समानता, सादगी और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का अनुकरणीय माध्यम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
माओवाद के बाद विकास की नई राह: पुसपाल बनेगा ईको-टूरिज्म हब
मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर को कम करने में सभी की सहभागिता आवश्यक - उप मुख्यमंत्री शुक्ल
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सिंहस्थ 2028 में सनातन का वैभव दुनिया को दिखेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बस्तर के लिए खुलेगा वैश्विक द्वार, 4 घंटे में पूरा होगा समंदर तक का सफर
करीब 150 मीटर लम्बे सुरंग में अवैध कोयला खनन पर सख्ती, सेंट्रल फ्लाइंग स्क्वाड की बड़ी कार्रवाई
पीएमश्री हेली सेवा के रूप में ओरछा के लिए शुरू की गई पुष्पक विमान की व्यवस्था : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सामूहिक विवाह बढ़ाते है समाज में समरसता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव