विश्व प्रसिद्ध  महाकालेश्वर मंदिर मे आज आषाढ़ कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर गुरुवार तड़के भस्म आरती के दौरान सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पण्डे पुजारी ने गर्भगृह मे स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर पंचामृत और फलों के रस से किया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट, मुंड माला धारण करवाई गई।

आज के शृंगार की विशेष बात रही कि आज आषाढ़ कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि व गुरुवार के संयोग पर भस्मआरती में बाबा महाकाल का भांग से शृंगार कर रुद्राक्ष की माला से बाबा महाकाल को सजाया गया। जिसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की और से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गयी। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ लिया। जिससे पूरा मंदिर परिसर जय  महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया।